श्रीनगर के नौहट्टा के सैयदपोरा इलाके में घरों में आग लगने के बाद जला सामान। संवाद
- नौहट्टा के सैयदपोरा इलाके में रसोई गैस सिलिंडर फटने के कारण आग तेजी से भड़की
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर में शुक्रवार को आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में नौ घर और एक बेकरी यूनिट जलकर राख हो गए। बताया जा रहा है कि रसोई गैस सिलिंडर फटने के कारण आग तेजी से भड़की। कई इलाकों सहित गांदरबल से अतिरिक्त दमकल की टीम और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि नौहट्टा के सैयदपोरा इलाके में भीषण आग लगने से लगभग 10 घर इसकी जद में आ गए। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलने के तुरंत बाद दमकल गाड़ियों को रेनावारी से रवाना किया गया। रिहायशी बस्ती काफी घनी थी और आग काफी बढ़ चुकी थी जिसने 2-3 रिहायशी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया था। इसको देखते हुए विभाग ने श्रीनगर के कई इलाकों और गांदरबल से अतिरिक्त दमकल की टीम समेत गाड़ियां भी बुला लीं।
अधिकारियों के अनुसार शुरुआत में 2 से 3 रिहायशी मकान आग की चपेट में थे लेकिन कई गैस सिलिंडर फटने के कारण आग तेजी से फैल गई। इसके बावजूद विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान जामिया मस्जिद की टंकियों से भी पानी लिया गया। इस मदद के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन ने जामिया मस्जिद इंतजामिया का शुक्रिया दा किया।
अभियान का नेतृत्व अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मीर आकिब हुसैन ने किया। साथ ही शहर और डिविजनल फायर अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं शहर के नटीपोरा इलाके के बडशाह नगर में एक बेकरी यूनिट में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से बेकरी यूनिट पूरी तरह से जल गया।