जला आशियाना... श्रीनगर के छत्ताबल में आग से घर जलने के बाद अपना जला सामान देखता युवक। संवाद
- एलपीजी सिलिंडर फटने से भड़की आग, राख हुईं एक-दूसरे से जुड़ी इमारतें
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के बटमालू के छत्ताबल क्षेत्र के बाग-ए-यास में वीरवार की सुबह भीषण आग लग गई। एक घर से फैली और तीन घरों में व वहां रखे एलपीजी गैस सिलिंडर फटने से 10 घरों तक फैल गई। एक-दूसरे से जुड़े लकड़ी के घरों में आग तेजी से फैली और 10 घर पूरी तरह जल गए।
आग से बेघर हुए लोग सड़कों पर जले सामान के साथ बैठे बेजार दिखाई दिए। उनका आशियाना जलने का दुख उनके बहते आंसुओं के साथ नजर आ रहा था। अधिकारियों ने बताया कि वीरवार सुबह 6:31 बजे स्टेट फायर कंट्रोल रूम बटमालू को आग लगने की सूचना मिली। एक मिनट के अंदर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज सफाकदल से पहली दमकल भेजी गई। इलाके की भीड़भाड़ वाली स्थिति को देखते हुए फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज मुख्यालय, सैयद हमीद पोरा, महाराज गंज और बाबडेम्ब से अतिरिक्त दमकलें तुरंत मौके पर भेजी गईं।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शुरू में 3-4 घर आग की लपटों में घिरे हुए हैं। 2-3 एलपीजी गैस सिलिंडर फटने के बाद स्थिति और खराब हो गई। इससे आग तेजी से आसपास की इमारतों में फैल गई जो एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं। कुल मिलाकर इस घटना में करीब 10 घर जलकर राख हो गए। अग्निशमन टीमों ने आग पर काबू पा लिया है। आग दोबारा न लगे इसके लिए कूलिंग ऑपरेशन चल रहा है। आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है।
बिजली उपकरणों को बिना निगरानी न छोड़ें : एडीजीपी
इस बीच फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग के एडीजीपी आलोक कुमार ने जनता से सावधान रहने का आग्रह किया है। खासकर रात के समय। नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुरक्षा उपाय के तौर पर बिजली के उपकरणों को बिना निगरानी के न छोड़ें।
जला सामान समेटते नजर आए पीड़ित, आंखों में थे आंसू
आग से घर जलने के बाद लोग अपना जला सामान समेटते नजर आए। कोई काले पड़े बर्तन एक तरफ रख रहा था तो कोई जले हुए कपड़े और जूते उठा रहा था। जले घर के बाहर सामान के साथ बैठी महिलाओं की आंखाें में आंसू थे। उनका कहना था कि जिस आशियाने को जिंदगीभर चुन-चुन कर बनाया वह कुछ लम्हों में तबाह हो गया।