अनंतनाग। श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व विधायक रफी अहमद मीर ने अपने पुत्र इमाद मीर तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पानी वितरित किया।
इस दौरान रफी अहमद मीर ने यात्रियों को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कश्मीर की धरती हमेशा से मेहमाननवाजी, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आपसी प्रेम, एकता और साझा संस्कृति का भी प्रतीक है।
पूर्व विधायक के साथ मौजूद इमाद मीर और कार्यकर्ताओं ने नुनवान एवं अन्य मार्गों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए उन्हें पेयजल उपलब्ध कराया और उनकी कुशलक्षेम पूछी।
यात्रियों ने इस आत्मीय स्वागत और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कश्मीर की पारंपरिक मेहमाननवाजी के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान कश्मीर में सद्भाव, सहयोग और इंसानियत की भावना सर्वोपरि है। संवाद