अनंतनाग। पहलगाम के लिहिंडागेन इलाके में बुधवार देर रात तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से 60 से अधिक मवेशियों की मौत हो गई। बिजली एक चरागाह में चर रहे पशुओं के झुंड पर गिरी जिससे 60 से ज्यादा जानवर मौके पर ही मारे गए।
इस घटना से स्थानीय पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। क्षेत्र के कई परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर होने के कारण घटना के बाद प्रभावित परिवार गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने इस घटना को पशुपालक समुदाय के लिए बड़ा झटका बताते हुए जिला प्रशासन से नुकसान का तत्काल आकलन करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजा और राहत सहायता देने की अपील भी की गई है। पीड़ितों ने प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लेने और सहायता के लिए रिपोर्ट तैयार करने की मांग की है। संवाद