अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबोस) वार्षिक नियमित परीक्षाओं के तहत 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम जनवरी के दूसरे सप्ताह तक घोषित करने की तैयारी में है। बोर्ड ने 10 जनवरी तक इन सभी कक्षाओं के नतीजे जारी करने का लक्ष्य रखा है।
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में जेकेबोस के चेयरमैन गुलाम हसन शेख ने बताया कि परीक्षाएं पूरी तरह सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चल रही हैं और अगले दो हफ्तों के भीतर सभी परीक्षाएं संपन्न करा ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड की पूरी कोशिश है कि 10 जनवरी तक सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएं।
मुफ्त पाठ्यपुस्तकों के वितरण को लेकर बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि शैक्षणिक जोनों में मुफ्त किताबें पहुंचाने की प्रक्रिया अगले 8 से 10 दिनों में पूरी कर ली जाएगी। बोर्ड जोनल शिक्षा कार्यालयों (जेडईओ) तक किताबें पहुंचाता है जिसके बाद पात्र छात्रों तक इन्हें वितरित करने की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा निदेशालय की होती है।
उन्होंने आगे बताया कि कक्षा 1 से 8वीं तक के कुल 8,20,000 छात्र मुफ्त पाठ्यपुस्तकों के लिए पात्र हैं, जिनमें कश्मीर संभाग के 3,31,000 छात्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में यह पहली बार है जब नए सत्र की शुरुआत के साथ ही पुस्तकों के वितरण का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए जोनल अधिकारियों को वितरण का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है और उन्हें तय कार्यक्रम पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।