- आरोपी ने बहरीन में नौकरी का झांसा देकर लाखों ठगे, जाली दस्तावेज दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंसेज विंग (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में फयाज अहमद जरगर के खिलाफ चीफ ज्यूडिशियिल मजिस्ट्रेट, श्रीनगर की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी फयाज अहमद जरगर कुतुब दीन पोरा, आली कदल, जामिया मस्जिद श्रीनगर का रहने वाला है। वह करणनगर, श्रीनगर में मैसर्स एचआर चॉइस इंटरनेशनल एजुकेशन कंसल्टेंसी चला रहा था। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने शिकायतकर्ता को बहरीन में नौकरी दिलाने का झूठा वादा कर फंसाया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता समेत कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा और उनसे लाखों रुपये वसूले।
जाली ऑफर लेटर, वीजा और टिकट दिए
भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने पीड़ितों को जाली जॉब ऑफर लेटर, वीजा, एयर टिकट और अन्य फर्जी दस्तावेज दिए। स्कीम को असली दिखाने के लिए पीड़ितों के ऑनलाइन इंटरव्यू कराए, मेडिकल टेस्ट करवाए और एग्रीमेंट भी साइन करवाए। लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली और न ही पैसे वापस किए गए। वहीं जांच में आरोप सही पाए गए। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चार्जशीट अदालत में पेश कर दी गई है।
आर्थिक ठगों से रहें सावधान : ईओडब्ल्यू
ईओडब्ल्यू ने स्थानीय लोगों को आर्थिक ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना एसएसपी, ईओडब्ल्यू कश्मीर, क्राइम ब्रांच जम्मू-कश्मीर को देने को कहा है। आर्थिक धोखाधड़ी के शिकार लोग अपनी शिकायत ईमेल sspeow-kmrjkpolice.gov.in पर भी भेज सकते हैं।