संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर चार मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों के अनुसार संगम क्षेत्र में एक गुप्त सूचना के आधार पर सेमथन निवासी आरोपी यूनिस डार के घर पर छापा मारा गया। इस दौरान उसके पास से 246 ग्राम चरस की आठ स्टिक बरामद की गईं। आशाजिपोरा बायपास पर पुलिस ने नाका जांच के दौरान एक वाहन को रोका। इस दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया जबकि काजी मोहल्ला निवासी फरदीन खान उर्फ समीर खान और लाजिबल निवासी नुमान रियाज खान को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके साथ डोनीपावा क्षेत्र में नाका जांच के दौरान शेरपोरा निवासी निसार अहमद शेरगोजरी को दबोचा गया। उसके पास से पोस्त बरामद हुआ। एक अन्य कार्रवाई में तरबल ची क्षेत्र में आशाजिपोरा निवासी अदनान मीर को पकड़ा गया। आरोपी के पास से करीब दो ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।