- इंदरहामा-बुर्जहामा इलाके में पेयजल की किल्लत से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जल शक्ति विभाग से तुरंत दखल की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। इंदरहामा-बुर्जहामा की बागी बिलाल कॉलोनी के लोगों ने वीरवार को पीने के पानी की भारी किल्लत के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अनियमित और नाकाफी पानी की आपूर्ति से रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो गई है। नाराज लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से इस संकट से जूझ रहे हैं। घरों में पीने और खाना बनाने तक के लिए पानी नहीं मिल रहा।
आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद संबंधित विभाग ने समस्या हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और जल शक्ति विभाग से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में नियमित और पर्याप्त मात्रा में साफ पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
लोगों ने चेतावनी दी कि लंबे समय तक पानी की कमी से न सिर्फ दैनिक जीवन प्रभावित होता है बल्कि जन स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा है। स्थानीय लोगों ने सप्लाई लाइनों की मरम्मत और जल स्रोत बढ़ाने जैसे स्थायी उपाय तुरंत करने की मांग की ताकि श्रीनगर के इस इलाके में लोगों को और परेशानी न झेलनी पड़े।