श्रीनगर। जाम की समस्या का समाधान करने के लिए डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने शनिवार को मल्टी-डिसिप्लिनरी कमेटी की बैठक की। इसमें उन्होंने रीजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी और स्मार्ट सिटी की ओर से लागू विभिन्न हस्तक्षेपों के कार्यान्वयन और प्रभाव की समीक्षा की गई।
उन्होंने एसएसपी ट्रैफिक को शहर के अन्य भीड़ भाड़ वाले मार्गों में इसी तरह के उपायों की संभावना तलाशने का निर्देश दिया। सार्वजनिक परिवहन के कारण होने वाली व्यवधान को कम करने के लिए डिवकॉम ने शहर में निर्दिष्ट बस स्टॉप की पहचान कर नए बस स्टॉप बनाने का निर्देश दिया ताकि लोगों को बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से बचाया जा सके।
उन्होंने पूर्वी और पश्चिमी गलियारों के लिए रंग-कोडित वाहन जोनिंग लागू करने के लिए कहा ताकि मिनी बसें केवल निर्धारित मार्गों में ही चलें। इस बीच उन्होंने सीईओ एसएससीएल को सभी चौराहों पर ट्रैफिक लाइट की स्थापना 10 दिसंबर तक पूरी करने और 30 दिसंबर तक सभी आईटीएमएस कैमरों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डिवकॉम ने जूनीमार में ई-बस चार्जिंग स्टेशन के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का भी आह्वान किया, और हजरतबल और बटमालू में चार्जिंग स्टेशनों पर काम तुरंत शुरू करने का निर्देश भी दिया।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्रीनगर अक्षय लबरू, एसएसपी ट्रैफिक सिटी एजाज अहमद भट, एडीसी श्रीनगर, आरटीओ कश्मीर आदि मौजूद रहे। डिवकॉम ने डाउन टाउन में हाल ही में लागू एक तरफा यातायात प्रणाली की भी समीक्षा की। संवाद