डीआईजी एसकेआर ने कुलगाम जिले में पड़ने वाले पर्यटन स्थलों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक की
अध्यक्षता कीपर्यटकों में विश्वास बढ़ाने और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। गणतंत्र दिवस से पूर्व दक्षिण कश्मीर में पर्यटन स्थलों की सुरक्षा स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है। जिले के अधिकार क्षेत्र में आते पर्यटन स्थलों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक वीरवार को हुई। इसकी अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर पुलिस की साउथ कश्मीर रेंज (एसकेआर) के डीआईजी जावेद इकबाल मट्टू ने की। उन्होंने सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में डीआईजी सीआरपीएफ एसकेओआर कुलदीप सिंह देसवाल, ब्रिगेडियर 12 सेक्टर आरआर सुधीर सिंह, एसएसपी कुलगाम इनायत अली चौधरी, कमांडिंग अफसर (सीओ) 2 सेक्टर, सीओ 20 आरआर, सीओ 18 बटालियन सीआरपीएफ, एएसपी कुलगाम के अलावा पुलिस, सेना, इंटेलिजेंस एजेंसियों और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (सीएपीएफ) के अन्य सीनियर अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई जिसमें अहरबल वॉटरफॉल सहित अन्य पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर खास जोर दिया गया। पर्यटकों में विश्वास बढ़ाने और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा अधिकारियों को सतर्क रहने और आपस में तालमेल बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया। गणतंत्र दिवस-2026 से पहले की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई जिसमें एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने और बलों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने शांति और सार्वजनिक व्यवस्था की रक्षा के लिए उच्च सतर्कता बनाए रखने, सक्रिय रूप से खुफिया जानकारी साझा करने और किसी भी उभरती चुनौती पर समन्वित प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया।
इस बीच पुलिस ने आम जनता से अनुरोध किया कि वे अपनी सुरक्षा के हित में सुरक्षाबलों के साथ सहयोग करें और राष्ट्र-विरोधी तत्वों (एएनई) या किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में कोई भी जानकारी तुरंत साझा करें जो शांति और सद्भाव को भंग कर सकती है।