संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। डीसी जतिन किशोर ने जेपीसीआर बालटाल में बैठक की अध्यक्षता कर श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के सुचारु, सुरक्षित और बाधा-मुक्त संचालन के लिए विभागीय तैयारियों की समीक्षा की। डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को पूरी यात्रा अवधि के दौरान राशन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने एआरटीओ को वाहनों की सुचारु आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियमन के लिए उचित परिवहन प्रबंधन के निर्देश दिए गए। दूरसंचार व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीसी ने बीएसएनएल, एयरटेल और जियो को बालटाल मार्ग पर समर्पित तकनीकी टीमें तैनात करने और नोडल अधिकारियों की सूची जिला प्रशासन के साथ साझा करने को कहा। वहीं डीसी ने बालटाल में ऑन-स्पॉट पंजीकरण केंद्र और आरएफआईडी कार्ड वितरण काउंटरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त जनशक्ति और व्यवस्थित कतार नियमन के निर्देश दिए ताकि तीर्थ यात्रियों को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि आरएफआईडी कार्ड समयबद्ध तरीके से जारी किए जाएं। डीसी ने पोनी स्टैंड का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि पोनी संचालन से जुड़े सभी हितधारकों के पास वैध आरएफआईडी कार्ड और आवश्यक अनुमतियां होनी चाहिए।
दोमेल दौरे के दौरान उन्होंने चिकित्सा सुविधाएं, बिजली-पानी, सफाई और संचार व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को चौबीसों घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह कार्यशील रहें और निरीक्षण में पाई गई कमियों को तुरंत दूर किया जाए। बैठक में नागरिक प्रशासन, पुलिस, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, बीकन, स्वास्थ्य, जल शक्ति, पीडब्ल्यूडी, खाद्य आपूर्ति, अग्निशमन, वन, सोनमर्ग विकास प्राधिकरण, परिवहन, यातायात पुलिस, बीएसएनएल, एयरटेल, जियो सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।