- जनरल अनिल चौहान ने उत्तरी कश्मीर के कई हिस्सों का किया दौरा, तालमेल और बहु-क्षेत्र तैयारियों की अनिवार्यता पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने अपने दौरे के दौरान शनिवार को उत्तरी कश्मीर के कुछ हिस्सों का दौरा किया और सेना के जवानों से बातचीत की। उन्होंने जवानों से कहा, उभरती चुनौतियों का जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहें।
अधिकारियों के अनुसार इस दौरे के दौरान जनरल चौहान ने सेना की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की और इस क्षेत्र में मौजूदा हालात का जायजा लिया। उन्होंने आगे के इलाकों में तैनात अधिकारियों और सैनिकों से भी बातचीत की और सुरक्षा तथा स्थिरता बनाए रखने में उनकी भूमिका की सराहना की।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने सशस्त्र बलों के बीच लगातार तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरे में ऑपरेशनल मामलों और उत्तरी कश्मीर में चल रहे सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा हुई। बातचीत के दौरान मौजूद जवानों ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के साथ जमीनी स्तर के अपने अनुभव और ऑपरेशनल फीडबैक साझा किए। यह दौरा वरिष्ठ रक्षा नेतृत्व की ओर से जमीन पर तैनात सैनिकों से जुड़ने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों का ही एक हिस्सा है।