- टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर भाजपा नेताओं ने श्रीनगर में मनाया जश्न
उमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने सोमवार को श्रीनगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारत की टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने इतिहास दोहराने के साथ नया इतिहास रचा है जिससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
अल्ताफ ने कहा कि पहले कश्मीर में कुछ लोग अन्य टीमों का समर्थन करते थे लेकिन इस बार कश्मीरी लोगों ने भी भारत की जीत का खुलकर जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर भारत की जीत की खुशियां साफ नजर आईं जिससे यह स्पष्ट होता है कि देश की इस जीत ने हर भारतीय को गर्व का एहसास दिलाया है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री खुद भी मैच देखने पहुंचे थे और इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में शामिल हुए। 2014 के बाद से भारत ने हर क्षेत्र में लगातार कामयाबी हासिल की है। इससे पहले खेलों के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया और अन्य देश आगे रहते थे, लेकिन अब भारत भी उस मुकाम पर पहुंच चुका है।
रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की जीत को लेकर उन्होंने कहा कि 2014 से पहले खेल क्षेत्र के लिए आने वाले फंड का इस्तेमाल कुछ राजनीतिक दल चुनाव में करते थे लेकिन अब खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर की टीम का रणजी ट्रॉफी जीतना इस बात का प्रमाण है कि अब खेलों को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
अल्ताफ ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस जीत से जम्मू-कश्मीर के लोगों का सिर भी गर्व से ऊंचा हुआ है। ठाकुर ने कहा, मैं देशवासियों को जम्मू-कश्मीर की धरती से बधाई देता हूं, प्रधानमंत्री और खेल मंत्री को विशेष रूप से शुभकामनाएं देता हूं।
अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर बात करते हुए कहा कि भारत की नीति न्यूट्रल है और यही देश के हित में है। उन्होंने कहा कि भारत के पास तेल की कोई कमी नहीं है और कांग्रेस को भी यह सोचना चाहिए कि देश का हित किसमें है।