फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: घाटी में कड़ाके की सर्दी ने दी दस्तक, श्रीनगर में पारा जमाव बिंदु के करीब

विज्ञापन
विज्ञापन
- गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। घाटी में शीतलहर का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। रात के तापमान में भारी गिरावट के साथ कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे लुढ़कते हुए माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही। वहीं, श्रीनगर में भी पारा जमाव बिंदु के बेहद करीब पहुंच गया है। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ अब घाटी के मैदानी इलाकों में भी रात का पारा शून्य से नीचे जाने लगा है। दक्षिण कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में इस मौसम का पहला शून्य से नीचे का तापमान दर्ज करते हुए न्यूनतम पारा माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि कोकरनाग में यह 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा पुलवामा और शोपियां जैसे ग्रामीण इलाकों में भी सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
विज्ञापन

दिन के अधिकतम तापमान की बात करें तो श्रीनगर में साफ आसमान और धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। हालांकि, गुलमर्ग में दिन के समय भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है और वहां अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहकर महज 5.5 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया।
तापमान में आई इस अचानक गिरावट के कारण सुबह और देर शाम के समय घाटी में हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। कई स्थानों पर सुबह के समय हल्की धुंध और खेतों व वाहनों पर पाला जमता हुआ दिखाई दे रहा है। कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए स्थानीय लोगों ने पारंपरिक फेरन, कांगड़ी और बिजली व गैस से चलने वाले हीटिंग उपकरणों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। डॉक्टरों ने भी अचानक बढ़ी ठंड को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
विज्ञापन



आगामी 26 नवंबर तक शुष्क बना रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में आगामी 26 नवंबर तक किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 17 से 21 नवंबर के बीच मौसम आमतौर पर साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि 20 और 21 नवंबर को घाटी के कुछ ऊंचाई वाले हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 22 से 26 नवंबर तक भी मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आसमान साफ रहने और शुष्क मौसम के चलते आने वाले दिनों में दिन के समय हल्की धूप खिली रहेगी, लेकिन रात के तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह-शाम की शीतलहर और तेज होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें