श्री अमरनाथ यात्रा-2026 से पहले अनंतनाग पुलिस ने किया अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अनंतनाग पुलिस ने बिजबिहाड़ा लैंडिंग स्ट्रिप पर ग्रेनेड हमले से निपटने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी सुरक्षा चुनौती की स्थिति में सुरक्षा बलों की तत्परता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान ग्रेनेड हमले की एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रतिक्रिया, क्षेत्र की सघन तलाशी, नागरिकों की सुरक्षित निकासी, घायलों के उपचार एवं प्रबंधन, खतरे को निष्क्रिय करने तथा विभिन्न सुरक्षा एवं आपातकालीन एजेंसियों के बीच समन्वय का अभ्यास किया।
इस अभ्यास में अनंतनाग पुलिस, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। ड्रिल के दौरान संचार व्यवस्था, क्विक रिएक्शन टीमों, प्रवेश नियंत्रण उपायों, चिकित्सा निकासी प्रोटोकॉल और कमांड एवं कंट्रोल तंत्र की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।