-वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले भागा, तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर यूनिवर्सिटी ।(केयू) के गर्ल्स हॉस्टल में शुक्रवार देर शाम उस समय दहशत फैल गई जब एक भालू कैंपस में घुस आया।
चश्मदीदों ने बताया कि भालू को सबसे पहले सदरबल साइड के पास फुटपाथ पर चलते हुए देखा गया। आवारा कुत्तों के एक झुंड ने जानवर का पीछा किया जिसके बाद भालू एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया और एक दीवार फांदकर गर्ल्स हॉस्टल एरिया में घुस गया जिससे छात्राएं घबरा गईं।
यूनिवर्सिटी के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद के लिए वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट को सूचित किया। भालू को ढूंढने और पकड़ने के लिए एक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया मगर तब तक भालू मेन हॉस्टल ब्लॉक से आगे निकल चुका था।
चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर इम्तियाज ने बताया कि भालू गर्ल्स हॉस्टल के कैंपस से होकर गुजरा और बाद में आसपास के एरिया में गायब हो गया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सलाह दी गई है कि जब तक हालात काबू में नहीं आ जाते वे अपने कमरों से बाहर न निकलें। उन्होंने बताया कि वन्यजीव विभाग की टीम भालू की तलाश कर रही है।
हाल के सालों में श्रीनगर के बाहरी इलाकों में और उसके आसपास भालू दिखने की घटनाएं बढ़ी हैं। खासकर पतझड़ के आखिर में जब जंगली जानवर खाने की तलाश में इंसानों की बस्तियों की ओर आते हैं। यूनिवर्सिटी के आसपास के इलाकों में घने हरे-भरे पैच और जंगल हैं जिससे ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। देर रात तक भालू की तलाश जारी थी।