अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को ट्रैप लगाकर श्रीनगर के बटमालू के पटवारी सफदर हुसैन मीर को 10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी के प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू और कश्मीर एंटी-करप्शन ब्यूरो को एक लिखित शिकायत मिली थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि बटमालू के पटवारी सफदर हुसैन मीर शिकायतकर्ता के एक रिश्तेदार के पक्ष में राजस्व रिकॉर्ड जारी करने के बदले 10,000 की रिश्वत मांग रहा है। जरूरी दस्तावेज लेने के लिए आज (मंगलवार) पेमेंट करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि रिश्वत देने को तैयार नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया और आरोपी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का अनुरोध करते हुए एक लिखित शिकायत दी।
शिकायत मिलने पर उसका सत्यापन किया गया जिससे रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके उपरांत एसीबी पुलिस थाना श्रीनगर में एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक टीम बनाई गई। टीम ने ट्रैप लगाया और आरोपी सरकारी कर्मचारी सफदर हुसैन को शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगते और रकम लेते हुए पकड़ लिया। सभी मेडिको-लीगल औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। मामले में आगे की जांच चल रही है।