अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। सोनमर्ग डेवलपमेंट अथॉरिटी (एसडीए) ने शुक्रवार को सोनमर्ग के मैदानी इलाके में स्नो बाइक के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। पर्यावरण की चिंताओं और घास के मैदान के नाजुक इको सिस्टम को बचाने की जरूरत का हवाला देते हुए स्नो मोबाइल बाइक ऑपरेशन को तुरंत रोकने का आदेश जारी किया गया है।
अथॉरिटी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि घास के मैदान में स्नो मोबाइल बाइक के लगातार चलने से कुदरती घास की सतह को नुकसान पहुंच रहा था। खासकर कम बर्फबारी और सर्दियों का मौसम खत्म होने के कारण। अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला पर्यावरण की सुरक्षा के लिए लिया गया है जो सोनमर्ग टूरिस्ट डेस्टिनेशन का एक अहम हिस्सा है।
आदेश में कहा गया है कि कम बर्फबारी के कारण कई इलाकों में कुदरती घास की सतह उखड़ गई है। स्नो बाइक की आवाजाही से पारिस्थितिक नुकसान हो रहा है। एसडीए ने कहा कि आगे और नुकसान न हो, इसलिए यह कदम उठाना जरूरी था। सभी संबंधित ऑपरेटरों, एसोसिएशन और प्रवर्तन एजेंसियों को आदेश का सख्ती से पालन करने और इसे असरदार तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया है।