- उमर अब्दुल्ला ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, कृषि, हस्तशिल्प, हथकरघा और पर्यटन क्षेत्रों पर ध्यान देने का किया आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। बैंक ऑफ बड़ौदा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कार्यकारी निदेशक बीना वहीद ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ जम्मू-कश्मीर में बैंक के कामकाज के विस्तार की योजनाओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने श्रीनगर के विभिन्न हिस्सों और अन्य क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने की अपनी रणनीति बताई जिसमें बैंकिंग पहुंच बढ़ाने और जम्मू-कश्मीर के आर्थिक विकास में अधिक सक्रिय रूप से योगदान देने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने इस पहल का स्वागत किया और प्रतिनिधिमंडल को बैंक की विस्तार योजनाओं को सुविधाजनक बनाने में सरकार के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस क्षेत्र में बैंकिंग की पहुंच को और बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगा। उमर अब्दुल्ला ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही कृषि, हस्तशिल्प, हथकरघा और पर्यटन क्षेत्रों पर ध्यान देने का आग्रह किया।