-दवाएं जलाने की कथित घटना की जांच के आदेश
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बांदीपोरा। जिला अस्पताल बांदीपोरा के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दो अधिकारियों को अस्पताल परिसर के अंदर दवाएं जलाने के कथित मामले की जांच के सिलसिले में चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) बांदीपोरा के ऑफिस से अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सैनिटरी इंस्पेक्टर गुलाम मुस्तफा और जूनियर फार्मासिस्ट अल्ताफ हुसैन मीर को जिला अस्पताल बांदीपोरा के मेडिकल सुपरिटेंडेंट द्वारा बनाई गई जांच कमेटी के अंतिम नतीजे आने तक तुरंत प्रभाव से अटैच कर दिया गया है।
बता दें कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने दवाएं जलाने की घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। आरोप है कि यह जनरल फाइनेंशियल रूल्स, स्टोर परचेज रूल्स और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 का उल्लंघन हुआ है। डॉ. जावेद अहमद भट (कंसल्टेंट मेडिसिन) की अध्यक्षता वाली कमेटी को दवाओं की खरीद, स्टोरेज, खराब होने और निपटान से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करने और जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा गया है। इसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।
इस बीच फार्मासिस्ट और इंचार्ज स्टोर्स अल्ताफ हुसैन को स्टोर्स के चार्ज से हटा दिया गया है और उन्हें तुरंत प्रभाव से चार्ज फार्मासिस्ट रियाज़-उल-हक भट को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस बीच मेडिकल ऑफिसर डॉ. उमैर कयूम को नियमों के अनुसार सही हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
एक अलग आदेश में सेनेटरी इंस्पेक्टर गुलाम मुस्तफा गनी को दवाएं जलाने के दौरान सेनेटरी कर्मचारियों की मौजूदगी के बारे में 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स सेनेटरी कर्मचारियों को ऐसी गतिविधियों में भाग लेने से रोकते हैं।