- लोगों को बांदीपोरा प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदीपोरा। जिला प्रशासन बांदीपोरा ने नानिनारा में नए पुल के निर्माण कार्य के चलते सुम्बल-चेवा नानिनारा इनर लिंक रोड को यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन द्वारा जारी सलाह के अनुसार श्रीनगर-बांदीपोरा सड़क पहले से ही पुल निर्माण के कारण एकतरफा यातायात के लिए प्रतिबंधित है।
अधिकारियों ने बताया कि सुम्बल पक्ष पर पुल की नींव और अधोसंरचना का कार्य पूरा हो चुका है जबकि सफापोरा पक्ष पर आगे की खुदाई का काम शुरू होने वाला है। कार्यकारी एजेंसी ने बताया कि ढीली मिट्टी की स्थिति और निर्माण गतिविधियों के कारण सड़क धंसने का गंभीर खतरा बना हुआ है जो यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। यह भी कहा गया कि खुदाई के कार्य के दौरान सड़क पर यातायात के लिए कोई जगह नहीं बचेगी, जिससे इनर लिंक रोड पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह असुरक्षित हो जाएगा।
जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से प्रशासन ने निर्णय लिया है कि 6 फरवरी सुबह 7:00 बजे से आगे के आदेश तक नानिनारा इनर लिंक रोड को दोनों तरफ से सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। जनता से अपील की गई है कि वे पहले से अधिसूचित वैकल्पिक यातायात योजना का सख्ती से पालन करें और बारसू, गांदरबल मार्ग से आवागमन करें। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थल पर उचित डायवर्जन, बैरिकेडिंग और साइन बोर्ड लगाकर यात्रियों को असुविधा से बचाएं तथा सुरक्षा सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने जन सुरक्षा और विकास के व्यापक हित में आम जनता से पूर्ण सहयोग की अपील की है।