अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। बडशाह पुल पर पिछले एक सप्ताह में एक के बाद एक तीन आत्महत्या की घटनाओं ने लोगों में चिंता पैदा कर दी है। लोगों ने जिला प्रशासन से इस पुल के दोनों ओर सुरक्षा बैरियर लगाने की अपील की है। लोगों का कहना है कि इससे ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी।
बता दें कि हाल में तीन लोगों ने पुल से कूदकर झेलम नदी में जान देने की कोशिश की। यूपी के एक युवक ने छलांग लगाकर आत्महत्या की। करीब दो दिन बाद उसका शव बरामद किया गया। इसके बाद एक अन्य युवक ने इसमें छलांग लगाई लेकिन समय रहते उसे एसडीआरएफ की क्यूआरटी टीम ने बचा लिया। एक अन्य ताजा घटना में सोमवार देर शाम यह युवक ने कूदने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया।
ऐसी घटनाओं के बीच लोगों में चिंताएं बढ़ गई हैं और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वेह इस पुल के दोनों ओर सुरक्षा बैरियर लगाएं। स्थानीय निवासी बसीरत नबी ने कहा कि अक्सर यहां से झेलम नदी में कूदने की घटनाएं पेश आती हैं। खासकर युवा पीढ़ी मानसिक दबाव के चलते ऐसे कदम उठती है जो गलत है। हम अपील करते हैं कि पुल पर सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं।
बशारत अहमद ने कहा कि ऐसी घटनाएं अमीरा कदल पुल पर भी देखने को मिलती थीं लेकिन करीब तीन साल पहले वहां सुरक्षा बैरियर लगाए गए थे। अगर इस पुल पर भी वैसा ही प्रबंध किए जाएं तो आत्महत्या की घटनाओं पर अंकुश लग सकता है।
इस बीच श्रीनगर जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि इसको लेकर कई प्रतिनिधिमंडल पहले ही जिला उपायुक्त कार्यालय आ चुके हैं। इसपर पहले से ही योजना बनाई जा रही है और जल्द ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।