संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। डैगर डिवीजन चिनार कोर ने रविवार को बैंक ऑफ न्यूयॉर्क और आईएएचवी के सहयोग से बारामुला के उड़ी सेक्टर के सरकारी बॉयज मिडिल स्कूल खबना का नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। यह चिनार कोर की राष्ट्र निर्माण और सीमा क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।
उद्घाटन समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, बीएनवाई और आईएएचवी के प्रतिनिधि, सिविल प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, गांव के बुजुर्ग और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। उड़ी के सामरिक और खूबसूरत सीमा क्षेत्र में स्थित सरकारी बॉयज मिडिल स्कूल खबना आसपास के गांवों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए उम्मीद की किरण रहा है। हालांकि वर्षों से इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण यहां अनुकूल शैक्षिक माहौल नहीं मिल पा रहा था।
अब स्कूल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है जिसके चलते छह कक्षाओं का अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक जिसमें आकर्षक और समकालीन पढ़ाई के लिए, आधुनिक मिड-डे मील, किचन- स्वच्छ और पौष्टिक भोजन की तैयारी व वितरण के लिए, दो नए शौचालय ब्लॉक बनाए गए है। इस पहल के जरिए सेना ने यह संदेश दिया कि सुरक्षा और विकास स्थायी शांति के पूरक स्तंभ हैं।
सेना न सिर्फ देश की सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और मानवीय कार्यों के जरिए स्थानीय समुदायों के उत्थान के लिए भी निरंतर काम कर रही है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सेना, बैंक ऑफ न्ययॉर्क और आईएएचवी के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्कूल अब क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।