श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के एलओसी से सटे नौगाम सेक्टर में सोमवार को सेना के एक सूबेदार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि यह घटना कलामाबाद पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बिसू गांव के रहने वाले इस सैनिक के परिवार में उनकी पत्नी हैं।
जानकारी के अनुसार सैनिक की पहचान सूबेदार लाइक राम के रूप में हुई है जो सेना की 17 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत आने वाली 12 राजपूताना राइफल्स के थे। उन्होंने सेना में 26 साल सेवा की और उनकी उम्र 45 साल थी। सूत्रों ने बताया कि फॉरवर्ड एरिया में ड्यूटी के दौरान सैनिक को अचानक हार्ट अटैक से मौत हुई। साथी सैनिक तुरंत मदद के लिए पहुंचे और उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हालांकि सेना की ओर से कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन सूत्रों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्टैंडर्ड प्रक्रियाएं शुरू की गईं जिसमें डॉक्यूमेंटेशन और परिवार को औपचारिक सूचना देना शामिल है। नौगाम सेक्टर में सेना की यूनिट्स ने निधन पर शोक व्यक्त किया। ब्यूरो