-सेना ने मनसबल में चिनार सेंटर ऑफ एजुकेशनल एक्सीलेंस कश्मीर सुपर-30 का किया उद्घाटन, पहले बैच की कक्षाएं शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। सेना ने रविवार को मनसबल में चिनार सेंटर ऑफ एजुकेशनल एक्सीलेंस कश्मीर सुपर-30 का उद्घाटन किया। यह जम्मू-कश्मीर के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर देने की दिशा में सेना की एक महत्वपूर्ण पहल है। केंद्र का उद्घाटन डीसी श्रेया सिंघल ने एक चयनित छात्र के अभिभावक के साथ किया। इस दौरान सेना के अधिकारी, एनआईईडीओ के प्रतिनिधि, अभिभावक और पहले बैच के छात्र मौजूद रहे।
समारोह में आधारशिला का अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन और नए परिसर का भ्रमण किया गया। यह पहल जम्मू-कश्मीर में शिक्षा, युवा सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पहले से चल रहे कश्मीर सुपर-30 इंजीनियरिंग, मेडिकल और सुपर-50 कार्यक्रमों की सफलता को आगे बढ़ाएगी। नए परिसर में छात्रावास, आधुनिक क्लासरूम, डाइनिंग हॉल, लाइब्रेरी कम कंप्यूटर लैब समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सेना की ओर से सुरक्षा, निगरानी और अनुशासित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा। कश्मीर सुपर-30 आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए पूरी तरह मुफ्त और आवासीय कोचिंग कार्यक्रम है। पहले बैच के लिए जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से 30 योग्य छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। चयन के लिए घाटी भर में स्कूलों में संपर्क, लिखित परीक्षा, एप्टीट्यूड टेस्ट और इंटरव्यू लिए गए। इसमें ग्रामीण, दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम के तहत नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग, स्टडी मटेरियल, मॉक टेस्ट, मुफ्त रहने खाने की व्यवस्था, स्टडी किट, लाइब्रेरी सुविधा के साथ-साथ पर्सनालिटी डेवलपमेंट, काउंसलिंग और मेंटरशिप भी दी जाएगी। सेना के प्रतिनिधि ने कहा कि यह केंद्र छात्रों को उनके सपने साकार करने में मदद करेगा।
डीसी ने सेना की इस पहल की सराहना की और कहा कि गरीब तबके के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए ऐसे अवसर बहुत जरूरी हैं। अभिभावकों ने भी सेना का आभार जताया। पहले बैच 2026-27 की कक्षाएं रविवार से शुरू हो गईं।