संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को नशा तस्करी के दो आरोपियों के घरों को कुर्क किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जहीर अहमद निवासी अमरोही करनाह और बशीर अहमद निवासी अमरोही करनाह के घरों को कुर्क किया गया। दोनों आरोपी एक एफआईआर में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान इन घरों की पहचान अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के रूप में की गई थी। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमरोही करनाह में स्थित इन रिहायशी घरों को कुपवाड़ा पुलिस ने कुर्क किया। इन स्थानों पर सार्वजनिक सूचनाएं भी चस्पा की गई जिनमें आम जनता को सूचित किया गया कि इन संपत्तियों को कुर्क कर लिया गया है और सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना इन संपत्तियों के संबंध में कोई भी बिक्री, हस्तांतरण, पट्टा या किसी तीसरे पक्ष का कोई भी अधिकार सृजित नहीं किया जा सकेगा।