अनंतनाग। पुलिस ने न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को पुलवामा के लस्सीपोरा में 308 किलो से अधिक जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई विधिवत गठित समिति की निगरानी में पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ की गई।
इस दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया। पुलिस ने कहा कि यह कदम समाज में नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 33.431 किलो चूरापोस्त, 23.829 किलो चरस, 141.653 किलो भांग, 21.925 किलो गांजा, 4.44 किलो कैनाबिस पाउडर एवं पत्तियां, 11 ग्राम हेरोइन, 7.07 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 823 कोडीन फॉस्फेट की बोतलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ये सभी मादक पदार्थ जिले के विभिन्न मामलों में जब्त किए गए थे और आवश्यक कानूनी अनुमति प्राप्त होने के बाद इन्हें नष्ट किया गया।