अमरनाथ यात्रा की तैयारियां तेज, हर साल देशभर से आते हैं श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। आगामी अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंजतरणी और शेषनाग में सेवा प्रदाताओं को टेंट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इन दोनों महत्वपूर्ण पड़ावों पर टेंट, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत सेवा प्रदाताओं को निर्धारित स्थानों पर टेंट लगाने के लिए जगह आवंटित की जा रही है।
टेंट आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जा रही है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। यात्रा मार्ग पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के साथ काम किया जा रहा है।
हर साल बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन के लिए इस यात्रा में भाग लेते हैं। यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।