- बोले-बजट को लेकर सरकार विफल रही, भाजपा लोगों की खिदमत के लिए तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। भाजपा मुख्यालय में सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर वह लोगों के साथ किए वादे पूरे नहीं कर सकते तो कुर्सी छोड़ दें। भाजपा जम्मू-कश्मीर की जनता की खिदमत के लिए तैयार है।
बैठक के दौरान अल्ताफ ठाकुर ने उमर सरकार पर चुनावी घोषणापत्र में लोगों से किए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सूबे का बजट भी हवा-हवाई है। मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकारा है कि वह सभी वादे पूरे नहीं कर सकते इसलिए भाजपा की मांग है कि उमर इस्तीफा दें, उन्हें कुर्सी पर बने रहने का कोई हक नहीं है। इससे पहले भाजपा प्रवक्ता मंजूर भट में सूबे के बजट की खामियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि लोगों से किया कोई वादा पूरा नहीं किया गया है। यह खानदानी राज वाली पार्टी है जिन्होंने आज तक सिर्फ अपने करीबियों का ही भला किया है न कि जम्मू कश्मीर की आम जनता का।
भारत-अमेरिका समझौता किसानों की रक्षा करता है
श्रीनगर। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने सोमवार को कहा कि भारत-अमेरिका समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसानों को प्राथमिकता देने और भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कांग्रेस और कुछ क्षेत्रीय पार्टियों की ओर से जम्मू-कश्मीर के सेब उत्पादकों के बीच घबराहट पैदा करने के लिए गलत जानकारी फैलाई जा रही है। घरेलू उत्पादन और खपत के आंकड़े खुद साबित करते हैं कि कश्मीर के सेबों को कोई नुकसान नहीं होगा। भारत लगभग 21 लाख टन सेब का उत्पादन करता है और लगभग 26 लाख टन की खपत करता है। हर साल हम मांग को पूरा करने के लिए ईरान और तुर्की जैसे देशों से पहले ही लगभग 5 लाख टन आयात करते हैं। यहां तक कि संयुक्त राज्य अमेरिका के बाजार में आने के बाद भी, आयात चरणबद्ध और सीमित तरीके से किया जा रहा है। ब्यूरो
भाजपा नेताओं ने केंद्रीय बजट को सराहा
बांदीपोरा। भाजपा के राज्य महासचिव अनवर खान ने सोमवार को बांदीपोरा में केंद्रीय बजट पर बैठक की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा संसद में पेश किया गया केंद्रीय बजट लोगों के लिए फायदेमंद है जिसमें महिलाओं, किसानों, युवाओं और मजदूर वर्ग के कल्याण पर खास ध्यान दिया गया है।
यह बजट समावेशी विकास और सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाता है। वहीं उमर अब्दुल्ला द्वारा विधानसभा में पेश किए गए बजट में मुख्यमंत्री अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। कांग्रेस ने मनरेगा योजना का नाम बदलने पर बेवजह आपत्ति जताई, नाम पर ध्यान देने के बजाय, कांग्रेस को इस बात को स्वीकार करना चाहिए था कि यह योजना अब पहले से कहीं ज्यादा प्रभावी ढंग से गरीबों को फायदा पहुंचा रही है। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष मुदस्सिर फारूक जान और पार्टी के अन्य नेता भी थे। संवाद