सार
2024 में श्रीनगर एयरपोर्ट से 28,348 उड़ानों के जरिए 44 लाख यात्रियों ने सफर किया, और आगामी वर्ष में एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजना है।
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वर्ष 2024 में 28,348 उड़ानों के जरिये करीब 44 लाख यात्रियों ने सफर किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने कहा कि उड़ान संचालन काफी हद तक निर्बाध रहा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 14,174 आगमन और 14,174 प्रस्थान उड़ानें संचालित की गईं। सर्दी के महीनों में औसतन प्रतिदिन 35 से 37 उड़ानें व गर्मियों में 45 से 50 उड़ानें संचालित होती हैं।
प्रतिदिन लगभग 12,000 यात्री आते-जाते हैं। श्रीनगर एयरपोर्ट से संचालित सेवाओं में स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और एयर इंडिया जैसी एयरलाइन शामिल हैं। एक अधिकारी ने कहा इस साल एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे का विस्तार, यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने, घरेलू व अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की योजना बना रहे हैं।