अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर में ईद की नमाज के बाद कुछ हिस्सों में ईरान पर हुए हमलों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन देखने को मिले। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को ईद की नमाज के बाद कश्मीर के कई स्थानों पर अमेरिका-इस्राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों की निंदा करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए गए।
उन्होंने बताया कि ईद की नमाज के बाद मध्य कश्मीर के बडगाम में अंजुमन-ए-शरिया-शिया के प्रमुख आगा सैयद हसन के नेतृत्व में ईरान के समर्थन में विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका-इस्राइल गठबंधन के खिलाफ और ईरानी शासन के समर्थन में नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी ईरान के झंडे और उसके दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई की तस्वीरें लिए हुए थे। बांदीपोरा के शादीपोरा इलाके में भी इसी तरह के प्रदर्शन हुए जहां प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के दोस्त, इस्राइल गद्दार हैं और अमेरिका मुर्दाबाद, इस्राइल मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।
अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर शहर के हसनबाद इलाके में भी विरोध प्रदर्शन हुआ। सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने घाटी के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया था।