कुपवाड़ा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) हंदवाड़ा जावेद नसीम मसूदी ने शनिवार को उपमंडल हंदवाड़ा के लंगेट और क्रालगुंड तहसीलों में डिजिटल जमाबंदियों से जुड़ी जन शिकायतों के निवारण के लिए विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कई शिकायतों का निपटारा किया गया।
इस दौरान तहसीलदार लंगेट, तहसीलदार क्रालगुंड-काजीबाद, संबंधित गिरदावर, पटवारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का तत्काल समाधान किया। एडीसी ने कहा कि डिजिटल जमाबंदियां भूमि अभिलेखों में पारदर्शिता, सटीकता और आम लोगों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन वास्तविक शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिया कि जहां भी रिकॉर्ड में त्रुटियां पाई जाएं वहां सुधार प्रक्रिया को तेज किया जाए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीसी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य भूमि रिकॉर्ड व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और जनहितैषी बनाना है, ताकि लोगों को अपने राजस्व रिकॉर्ड प्राप्त करने में आसानी हो। संवाद