- आदि शंकराचार्य की रचनाओं की भरतनाट्यम के माध्यम से होगी सांस्कृतिक प्रस्तुति
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर एकेडमी ऑफ आर्ट, कल्चर एंड लैंग्वेजेज, सेव शारदा कमेटी कश्मीर और डॉ. ऊषा आरके की ओर से 21 अप्रैल को श्रीनगर के टैगोर हॉल में आदि अष्टकम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आदि शंकराचार्य की रचनाओं की भरतनाट्यम के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
सेव शारदा कमेटी कश्मीर के रविंदर पंडिता ने बताया कि यह कार्यक्रम संत-रचयिता और आध्यात्मिक दार्शनिक आदि शंकराचार्य की जन्म जयंती के अवसर पर शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम के माध्यम से आदि शंकराचार्य की रचनाओं पर आधारित अद्वितीय अनुभव प्रस्तुत करेगा। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को यही कार्यक्रम शाम 6 बजे नियंत्रण रेखा पर स्थित शारदा मंदिर टीटवाल, करनाह में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य की ध्यान भूमि श्रीनगर में पहली बार टैगोर हॉल में अद्वितीय भरतनाट्यम कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। इससे पूर्व यह कार्यक्रम मुंबई, पुणे, हैदराबाद, बंगलूरू, नई दिल्ली, चेन्नई और काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में प्रस्तुत किया जा चुका है। इसकी परिकल्पना और संयोजन डॉ. उषा आरके की ओर से किया गया है।