संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन गांदरबल में 70वें नेशनल स्कूल गेम्स ताइक्वांडो चैंपियनशिप का समापन हो गया। जम्मू-कश्मीर 770 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना। समापन समारोह में डीजी वाईएसएस जम्मू-कश्मीर अनुराधा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विजेताओं को मेडल और ट्रॉफियां वितरित कीं।
इस मौके पर जॉइंट डायरेक्टर कश्मीर वाईएसएस, एडिशनल सेक्रेटरी वाईएसएस, डिप्टी डायरेक्टर प्लानिंग, एसजीएफआई अधिकारी, कन्वीनर, कमेटी सदस्य और भाग लेने वाले खिलाड़ी मौजूद रहे। महाराष्ट्र 670 अंकों के साथ दूसरे और हरियाणा 500 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। तमिलनाडु ने 310 अंक हासिल किए जबकि उत्तर प्रदेश भी 310 अंकों के साथ अग्रणी टीमों में शामिल रहा।
लड़कों की कैटेगरी में जम्मू-कश्मीर ने पहला स्थान हासिल किया, महाराष्ट्र दूसरे और केवीएस तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों की कैटेगरी में हरियाणा पहले, महाराष्ट्र दूसरे और सीआईएससीई तीसरे स्थान पर रही। जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मेडल जीते जिसमें चार गोल्ड, चार सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं और ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
ताइक्वांडो इवेंट 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया था, इससे पहले 15 से 19 अक्टूबर तक वुशु इवेंट हुआ था। ये दोनों आयोजन 70वें नेशनल स्कूल गेम्स के तहत यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स निदेशालय जम्मू-कश्मीर द्वारा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित किए गए थे।