अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पहले 12 दिनों के भीतर ट्यूलिप गार्डन में आने वाले आगंतुकों की संख्या 1,35,000 के पार पहुंच गई है। आने वाले दिनों में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों के आगमन की उम्मीद है।
कश्मीर संभाग की फ्लोरीकल्चर विभाग की निदेशक माथुरा मासूम ने शनिवार को बताया कि 16 मार्च को एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन आम जनता के लिए खोला गया था। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किया था। उन्होंने बताया कि खासकर वीकेंड और ईद की छुट्टियों के दौरान यहां भारी भीड़ देखने को मिली। स्थानीय लोग और घाटी के बाहर से पर्यटक दोनों ही बड़ी संख्या में गार्डन में उमड़ रहे हैं।
निदेशक ने कहा कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों के ट्यूलिप गार्डन की खूबसूरती देखने के लिए यहां पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच ट्यूलिप गार्डन के इंचार्ज जावेद अहमद ने कहा कि शनिवार को करीब 14-15 हजार आगंतुक ट्यूलिप गार्डन में घूमने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि रोजाना संख्या बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि डल झील के किनारे जबरवान पहाड़ियों की तलहटी में स्थित इस गार्डन में इस साल ट्यूलिप की लगभग 70-75 किस्मों के साथ-साथ दूसरे सजावटी फूलों को भी लगाया गया है।