श्रीनगर में 7 नवंबर को होने वाली प्रधानमंत्री की रैली को लेकर श्रीनगर शहर समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही सुरक्षा बलों द्वारा श्रीनगर आने वाले रास्तों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
अलगाववादियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है और कई अलगाववादी नेताओं को हिरासत में लिया गया है। मोबाइल सर्विलांस बंकर और नाकेबंदी भी करके सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की एक विशेष टीम ने रैली स्थल शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था को अपने हाथों में ले लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस द्वारा अलगाववादियों के मिलियन मार्च को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए फेसबुक, ट्विटर पेजों व व्हाट्स एप ग्रुप पर कड़ी नजर रही जा रही है। अभी तक तकरीबन 120 सोशल नेटवर्किंग साइट्स के पेज पुलिस द्वारा चिह्नित किए गए हैं।