बारिश के साथ पहली बर्फबारी के कारण रविवार को समूची कश्मीर घाटी में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला। 17 और 18 नवंबर को मैदानी इलाकों में बारिश तथा ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान सही साबित हुआ। ताजे हिमपात के चलते सोनामर्ग-लद्दाख तथा शोपियां-पुंछ मुगलरोड रविवार शाम को यातायात के लिए बंद कर देना पड़ा।
दिन भर श्रीनगर शहर तथा घाटी के अन्य जिलों में आकाश पर बादल छाए रहने से सूर्य देवता नजर नहीं आए, जिसके चलते गत कई दिनों से सामान्य चल रहे दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सूचनाओं में बताया गया है कि घाटी के लगभग सभी ऊंचाई वाले स्थानों पर मौसम की पहली बर्फबारी का नजारा देखने को मिला। सभी पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी होने की जानकारी दी गई है, जिसका लुत्फ वहां पहुंचे सैलानियों ने भी खूब उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहलगाम, गुलमर्ग तथा सोनामर्ग में एक से लेकर दो फुट के करीब हिमपात हुआ, जबकि जोजिला तथा द्रास इलाके में दो से तीन फुट के बीच बर्फबारी होने की सूचना है। घाटी के अधिकतर मैदानी इलाकों में रविवार को आकाश पर बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली, जिसके कारण लोगों को कड़ाके की ठंड को सहन करना पड़ा।
गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में आज सुबह हल्की बारिश हुई और शाम तक आकाश बादलों से घिरा रहा। ठिठुरन भरी ठंड के चलते शहर में वाहन भी कम चले और बाजारों विशेषकर रविवार बाजार में रौनक भी कम दिखी। मौसम विभाग ने दिन की ठंड का कारण अधिकतम तापमान में गिरावट होना बताया है।