श्रीनगर। कश्मीर में बढ़ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए श्रीनगर जिला प्रशासन ने कमर कास ली है। प्रशासन अलग-अलग सात जगहों पर कोविड केयर सेंटर स्थापित कर रहा है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में 1300 बेड कोरोना मरीजों के लिए तैयार हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार यह कोविड केयर सेंटर कश्मीर यूनिवर्सिटी के जकूरा कैंपस, हैदरपोरा, एनआईटी श्रीनगर, इंडोर स्टेडियम हफ चिनार, सनत नगर मैरिज हॉल, हज हाउस बेमिना और इम्पा हॉस्टल एमए रोड में स्थापित किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कश्मीर यूनिवर्सिटी में 324, हैदरपोरा में 300, एनआईटी में 294, श्रीनगर इंडोर स्टेडियम में 120, मैरिज हॉल में 100, हज हाउस में 82 और इम्पा हॉस्टल में 80 बेड लगाए जा रहे हैं। इसकी पुष्टि करते हुए डीसी श्रीनगर एजाज असद ने कहा कि आने वाले तीन दिनों के भीतर अतिरिक्त 1300 बेड मरीजों के लिए तैयार हो जाएंगे।
एडीसी श्रीनगर सैयद हनीफ बल्खी ने कहा कि पिछले साल की तरह इस साल भी श्रीनगर में कोविड सेंटर स्थापित किये जा रहे हैं। इसमें ऑक्सीजन के साथ-साथ हर एक सुविधा मुहैया कराई जाएगी। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और हर कार्य के लिए अधिकारियों को उनके काम नियुक्त कर दिए गए हैं।