नववर्ष से पूर्व सुरक्षा एजेंसियों ने श्रीनगर में रात की निगरानी बढ़ा दी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की जॉइंट टीमें शहर में महत्वपूर्ण जगहों पर नाके लगाकर रात में चेकिंग कर रही हैं।
विज्ञापन
रात में निगरानी कश्मीर जोन के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) वीके बिरदी की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम कश्मीर में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक के एक दिन बाद बढ़ाई गई है। बैठक में आने वाले कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि रात के समय जॉइंट टीमों को मुख्य चौराहों, प्रवेश, निकासी बिंदुओं और अन्य संवेदनशील इलाकों में तैनात किया है। गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है और संदिग्ध लोगों के आइडेंटिटी कार्ड चेक किए जा रहे हैं। इस अभियान का मकसद किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और चौबीसों घंटे सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रात की चेकिंग ड्राइव कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता को आश्वस्त करने के उद्देश्य से एक निवारक उपाय है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच करीबी तालमेल सुनिश्चित किया गया है।
अधिकारियों ने लोगों से रात की चेकिंग के दौरान सहयोग करने की अपील की और कहा कि ऐसे उपाय पूरी तरह से सार्वजनिक सुरक्षा के हित में किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर के लिए समग्र सुरक्षा योजना के हिस्से के रूप में आने वाले दिनों में भी रात की निगरानी और सर्विलांस जारी रहेगा।