बारामुला। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर वीरवार को उत्तरी कश्मीर के सोपोर में दो स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। सोपोर के वारपोरा व डंगरपोरा इलाके में घर-घर तलाशी ली गई। इस दौरान सुरक्षा घेरा काफी सख्त रखा गया था। सभी प्रवेश व निकास द्वार को सील कर दिया गया था। हालांकि, दोनों ही जगह दहशतगर्दों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद अभियान स्थगित कर दिया गया। ज्ञात हो कि पिछले सप्ताह अल बद्र के सरगना के मारे जाने के बाद से सोपोर में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संवाद
सुंबल में फर्जी जॉब रैकेट का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
बांदीपोरा। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के सुंबल में फर्जी जॉब रैकेट का भंडाफोड़ कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि एक गिरोह सरकारी नौकरी के नाम पर भोले भाले युवाओं को बरगला रहा है। साथ ही उनसे धन भी एेंठ रहा है। इस सूचना के आधार पर डिप्टी एसपी हाजिन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तीन आरोपियों एसके बाला के इरफान अहमद वानी व मंजूर अहमद पंडित और अशम के बिलाल अहमद डार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से युवाओं के प्रवेश पत्र तथा शैक्षिक योग्यता से जुड़े मूल प्रमाणपत्र बरामद किए गए।