सोमवार को गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन में लगाई गयी सेनेटाइज टनल का निरीक्षण करती कुलपति प्रो. अन
- फोटो : SHRINAGAR
गढ़वाल विवि के मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इनोवेशन सेल की ओर से तैयार की गई सेनिटाइजिंग टनल को प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर स्थापित कर दिया गया है। सोमवार को टनल का उद्घाटन करते हुए विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि कोविड-19 के दौर में समाज के उत्थान के लिए वैज्ञानिकों और शोध छात्रों को आगे आना होगा। उन्हें समाज के लिए ऐसे शोध परक कार्य करने हैं जो सबके काम आए।
इनोवेशन सेल के संयोजक डा. बृजेश गांगिल और समन्वयक डा. आलोक सागर गौतम ने बताया कि टनल का निर्माण बहुत कम लागत में सीमित संसाधनों से किया गया है। इसीलिए इसका नाम लो कॉस्ट सेनिटाइजिंग मशीन रखा गया है। टनल की ऊंचाई 7 फीट, लंबाई 4 फीट और चौड़ाई 2.5 फीट है। सेल के सदस्य छात्र लक्ष्य त्यागी, सात्विक त्रिपाठी, स्मित रतूड़ी और संजीव कुमार ने टनल के काम करने के तरीके के बारे में बताया। इस अवसर पर सेल के अध्यक्ष प्रो. अतुल ध्यानी, कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार व वित्त अधिकारी डा. एके मोहंती आदि उपस्थित थे।