'आतंक के खात्मे के लिए उच्च सतर्कता बनाए रखें अधिकारी'; डीजीपी
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने रविवार को कुपवाड़ा जिले में काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक ऑपरेशंस के साथ-साथ समग्र सुरक्षा परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आतंक के खात्मे के लिए उच्च सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
डीजीपी ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षाबलों की ऑपरेशनल तैयारियों, खुफिया समन्वय, आतंकवाद रोधी उपायों और समुदाय आधारित पहलों की समीक्षा की। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में उच्च सतर्कता बनाए रखने, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शांति और स्थिरता को मजबूत करने के लिए काउंटर इंसर्जेंसी ग्रिड को और प्रभावी बनाया जाए तथा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और क्षेत्रीय प्रभुत्व बनाया रखा जाए।