सुपाणा-धारी हल्का वाहन मोटर मार्ग का काम पिछले बीस सालों से ठप पड़ा है। मार्ग को न तो चौड़ा किया गया है और ना ही मार्ग गांव तक पहुंच पाया है। ग्रामीणों ने शीघ्र मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। विकास खंड कीर्तिनगर के सुपाणा, गंडासू, महरगांव व धारी गांव को जोड़ने के लिए लोक निर्माण खंड ने बीस साल पूर्व सुपाणा-धारी हल्का वाहन मार्ग का निर्माण शुरू किया था। ग्राम प्रधान अनिता देवी व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार पांडे ने मार्ग की उपेक्षा पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
कहा कि सालों से ग्रामीण मोटर मार्ग को गांव तक पहुंचाने व हल्के वाहन मार्ग को मोटर मार्ग में तब्दील कर डामरीकरण किये जाने की मांग कर रहे है, किंतु आज तक किसी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से नही लिया है। ऐसे में लोगों को समस्या से जूझना पड़ रहा है। जन प्रतिनिधियों ने बताया कि लोक निर्माण खंड ने जो 5किमी का हल्का वाहन मार्ग बनवाया था वह भी गड्डों में तब्दील हो चुका है, जिस पर आये दिन दुर्घनाओं का खतरा बना रहता है।
जनप्रतिनिधियों ने विभाग सहित शासन प्रशासन से मोटर मार्ग पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किये जाने की मांग की है। अगर सुपाणा-धारी हल्का वाहन मार्ग का निर्माण धारीगांव तक किया जाता व मार्ग का चौड़ीकरण व डामरीकरण हो जाता तो क्षेत्रीय जनता को काफी लाभ मिलेगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं व क्षेत्रीय जनता को सिद्धपीठ धारी देवी के दर्शनों को पहुंचने में आसानी हो जाएगी। मोटर मार्ग निर्माण न होने से क्षेत्रीय जनता सहित इस क्षेत्र के श्रद्वालुओं को ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से 8 किमी. अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसके साथ ही इस मार्ग के निर्माण हो जाने से श्रद्वालुओं को 500मी. की खड़ी चढ़ाई नही नापनी पड़ेगी।
अधिकारियों का है कहना-
मार्ग के चौड़करण व डामरीकरण के साथ एक किमी निर्माण किये जाने को शासन को प्रपोजल भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू किया जाएगा। बीपी नौटियाल अधिसाशी अभियंता लोक निर्माण खंड कीर्तिनगर।