श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बाहर खरीदे गए वाहनों के पुन: पंजीकरण के लिए आरटीओ कश्मीर द्वारा जारी किए गए आदेश के खिलाफ कश्मीर ट्रेडर्स अलायंस के सदस्यों ने बुधवार को श्रीनगर के प्रेस एन्क्लेव में विरोध प्रदर्शन किया। ऐजाज शाहदार के नेतृत्व में कश्मीर ट्रेडर्स अलायंस के सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर के बाहर से खरीदे गए वाहनों के दोहरे टैक्स को भरने से छूट की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इस मनमाने आदेश को रद्द करना चाहिए क्योंकि यह वाहन मालिकों और डीलरों के साथ भी अन्याय है क्योंकि उन्हें अब 9 प्रतिशत की दर से दो बार टैक्स का भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि जब ग्राहक एक वाहन खरीदता है तो वह 9 प्रतिशत का वन-टाइम टैक्स भुगतान करता है। जब उसे कोई और खरीदेगा तो उसे अब नए आदेश के चलते 9 प्रतिशत का टैक्स दोबारा से भरना पड़ेगा जोकि अन्याय है।