जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लगभग दो करोड़ की संपत्तियों को जब्त किया है। ये संपत्तियां कथित तौर पर नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई थीं।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, श्रीनगर पुलिस ने 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत कई आरोपियों की अचल संपत्तियों को अटैच किया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के तहत की गई और संबंधित प्राधिकरण से मंजूरी के बाद पूरी प्रक्रिया अपनाई गई।
पहले मामले में, बेमिना थाना क्षेत्र के एक कथित ड्रग तस्कर मुदासिर अहमद पीर उर्फ साहिल उर्फ डोगे की करीब 1.5 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें एक दो मंजिला मकान और लगभग चार मरला जमीन शामिल है।
विज्ञापन
दूसरे मामले में, उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा निवासी शफीक अहमद ख्वाजा की करीब 50 लाख की संपत्ति अटैच की गई है, जो म.आर. गंज थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले से जुड़ी है। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि संपत्तियां नशा तस्करी से अर्जित की गई थीं।