श्रीनगर। पूर्व नौकरशाह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सूचना आयुक्त मोहम्मद अशरफ मीर ने वीरवार को सज्जाद लोन के नेतृत्व वाली पीपुल्स कांफ्रेंस का दामन थाम लिया। मीर के पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए लोन ने भरोसा जताया कि उनके (मीर के) प्रशासनिक अनुभवों से पार्टी को लाभ होगा।
पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि मीर पार्टी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता बशीर अहमद डार की मौजूदगी में पीपुल्स कांफ्रेंस (पीसी) में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि मीर का शानदार करियर रहा है। उन्होंने विधानसभा परिषद सचिव, विधि, न्याय एवं संसदीय मामलों, राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण में आयुक्त/सचिव के पद समेत कई अहम पदों पर रहते हुए जम्मू कश्मीर सरकार में सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति के बाद मीर राज्य सूचना आयुक्त के पद पर थे। अक्तूबर 2019 में जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश घोषित किये जाने के बाद आयोग को भंग कर दिया गया था और तब तक वह इस पद पर थे।
इस अवसर पर मीर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के विचारों की ईमानदारी, पार्टी की सेवा और बलिदान के इतिहास ने उन्हें पीसी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
लोगों को एकजुट होने का समय आ गया है। यह मतभेदों पर चर्चा करने का समय नहीं है। हमारे पास नई चुनौतियां हैं और हमें नए समाधान खोजने की जरूरत है।