पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल मजीद मीर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में दर्ज एक धोखाधड़ी और ठगी के मामले में श्रीनगर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने इस मामले में अदालत में आरोप पत्र (चार्जशीट) भी दाखिल कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
आर्थिक अपराध शाखा के प्रवक्ता ने बताया कि अब्दुल मजीद मीर एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ कश्मीर के विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और नकली रोजगार संबंधी प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल करने के कुल 11 मामले दर्ज हैं।
विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।