मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खाग इलाके में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। शुपलिन वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक प्राकृतिक गुफा में बनाए आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया। यहां राशन, कंबल, बर्तन और अन्य जरूरी सामान बरामद हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, इस ठिकाने का इस्तेमाल आतंकियों के छिपने और लंबे समय तक रहने के लिए किया जा सकता था।
सर्दियों में ठहरने की तैयारी की आशंका
अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री से साफ जाहिर होता है कि आतंकी आगामी सर्दियों के मौसम में इस प्राकृतिक गुफा को बेस बनाकर इलाके में मूवमेंट बनाए रखने की तैयारी की जा रही थी। सुरक्षाबलों की समय पर कार्रवाई से आतंकियों की यह साजिश नाकाम हो गई है।
केरन सेक्टर में दूसरे दिन भी चला तलाशी अभियान
सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार तड़के दो घुसपैठियों को मुठभेड़ में ढेर किए जाने के बाद से सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। रविवार को भी सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेरकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षाबलों ने पूरे वन क्षेत्र, नालों और प्राकृतिक गुफाओं को घेर रखा है।