उमर ने कहा कि पीडीपी ने अब तक अपने राजनीतिक अपराधों के लिए जनता से माफी नहीं मांगी है। हमें सिर्फ इतना सुनना है कि वे अपनी गलती स्वीकार करें।
बडगाम उपचुनावों को लेकर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह चुनाव सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए है। यह वोट बडगाम के भविष्य का फैसला करेगा, न कि मुख्यमंत्री कौन होगा। हमारी सरकार अभी चार साल और चलेगी।
उमर ने मतदाताओं से नेशनल कॉन्फ्रेंस उम्मीदवार आगा सैयद महमूद को समर्थन देने की अपील की और कहा,अगर आप उन्हें चुनते हैं, तो बडगाम के पास दो विधायक होंगे मैं और आगा महमूद। मजाकिया लहजे में कहा यह 'एक खरीदो, एक मुफ्त पाओ’ जैसा ऑफर है।
उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है और नेशनल कॉन्फ्रेंस ही एकमात्र पार्टी है जो जम्मू-कश्मीर में भाजपा को चुनौती दे रही है। जब पीडीपी वोट मांगने आए, तो उनसे पूछना कि नागरोटा में उनका उम्मीदवार कौन है? वहां सिर्फ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उम्मीदवार उतारा है।
उमर ने बताया कि हालांकि उन्होंने बडगाम सीट छोड़ दी थी, लेकिन इस क्षेत्र की उपेक्षा नहीं की गई है। पिछले एक साल में बडगाम में 110 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं, और हम यहां विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम स्थापित करने की योजना बना रहे है।