फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेकां में बगावत का असर: असंतुष्ट विधायकों के आगे झुके फारूक, मंत्रियों पर रहेगी विधायकों की नजर

Wed, 11 Nov 2026 11:10 AM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

नेकां में बढ़ती अंदरूनी नाराजगी और बगावत को थामने के लिए फारूक अब्दुल्ला ने असंतुष्ट विधायकों की मांग मान ली है। अब उमर सरकार के हर मंत्री के साथ विधायकों के अनौपचारिक सलाहकार समूह बनाए जाएंगे, ताकि सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल कायम हो सके।
विज्ञापन
डॉ. फारूक अब्दुल्ला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने सरकार व संगठन को सुरक्षित रखने के लिए असंतुष्ट विधायकों की शर्त मंजूर कर ली है। अब उमर के नेतृत्व वाली सरकार में हर मंत्री के लिए विधायकों के अनौपचारिक सलाहकार समूह बनाए जाएंगे। गुपकार स्थित आवास पर 15 विधायकों ने फारूक व उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक में दो टूक यह शर्त रखी थी।

विज्ञापन
Trending Videos

सलाहकार समूहों में शामिल होने के लिए खुद फारूक ने पार्टी के सभी विधायकों को पत्र लिखा है। सभी विधायकों से अनौपचारिक सलाहकार समूहों से जुड़ने के लिए मंत्रियों के नाम पूछे गए हैं। कहने को यह समूह मंत्रियों के जरिये सरकार की नीतियों और पार्टी के जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का पुल बनेगा, लेकिन यह पूरी कवायद असंतुष्ट विधायकों को साधने की बताई जा रही है।

दरअसल, सीएम उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से ही नेकां के भीतर नाराजगी और बगावत के सुर तेज हैं। सूत्रों के अनुसार 15 से अधिक विधायक मंत्री पद या सरकार में तवज्जो न मिलने के कारण असंतुष्ट हैं। इससे न केवल सरकार की स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं बल्कि संगठन में भी दरार पड़ने की आशंका गहराई है।

अंतर्कलह थामने के लिए 6 नवंबर को गुपकार रोड स्थित डाॅ. फारूक के आवास पर कश्मीर, पीर पंजाल व चिनाब क्षेत्र के असंतुष्ट विधायकों के साथ बैठक हुई थी। इसमें विधायकों ने दो टूक कहा था कि सरकार की नीति-निर्माण और विकास कार्यों में उनकी आवाज को अनसुना किया जा रहा है। इससे जनता के बीच साख पर असर पड़ रहा है। फारूक ने आश्वस्त किया था कि संगठन में किसी भी निर्वाचित प्रतिनिधि की उपेक्षा नहीं की जाएगी। इसी बैठक में मंत्रियों और विधायकों के बीच संवाद के लिए विधायकों के अनाैपचारिक सलाहकार समूह बनाने पर सहमति बनी थी। अब इसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है। 
विज्ञापन

विधायकों को बतानी होगी विभागों की पहल
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ये सलाहकार समूह मंत्रियों और विधायकों के बीच निरंतर संवाद का जरिया बनेंगे। मंत्रियों को निर्देश दिया जाएगा कि वे अपने सलाहकार समूहों के साथ समय-समय पर बैठकें करें और विभागों की नीतिगत पहलों तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी साझा करें।

प्रत्येक विधायक को अधिकतम दो समूहों में शामिल होने की अनुमति
फारूक की ओर से लिखे गए पत्र के अनुसार इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक विधायक को अधिकतम दो सलाहकार समूहों में शामिल होने की अनुमति होगी। सभी विधायकों से लिखित में अपनी पसंद के तीन मंत्रियों के नाम प्राथमिकता के क्रम में देने के लिए कहा गया है। मंत्रियों के ये नाम दो सप्ताह के भीतर भेजने होंगे। इसके बाद अंतिम सूची को अंतिम रूप देकर अधिसूचित किया जाएगा।

नेकां में बगावत का मसला अभी हल नहीं हुआ है। नेकां के इतिहास में यह पहली बार है जब फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ खुलेआम बगावत सामने है, वह भी कश्मीर में ही। नेकां का महल जल्द गिर जाएगा। उमर को अभी और परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। नेकां के पतन का कारण उमर ही बनेंगे। -जोरावर सिंह जम्वाल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें